सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज के पीरो सरैया गांव में शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित जीप सड़क के किनारे रखी ईंट के ढेर से टकरा गई। दुर्घटना में जीप चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। शुक्रवार रात एक जीप सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से अयोध्या जा रही थी।
धनपतगंज के कूरेभार- हलियापुर मार्ग पर पीरो सरैया गांव के पास जीप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे रखे ईंट के ढेर से टकरा गई। दुर्घटना में जीप पर सवार अरविंद कुमार (29) निवासी नेवादा, कुमारगंज जिला अयोध्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेवादा गांव के ही जीप चालक शुभम कुमार (30), नरेंद्र भादा गांव निवासी रवि कुमार (16) व राजेंद्र प्रसाद (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर पहुंचाया गया। जहां शुभम कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। धनपतगंज थाने के इंस्पेक्टर प्रवीण यादव ने बताया कि जीप चालक को नींद आने से दुर्घटना हो गई। सभी सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से लौटे थे। जीप को सुरक्षित स्थान पर रखवाने की व्यवस्था की जा रही है।