धीमे मतदान और गड़बड़ी की अफवाहें दिन भर उड़ती रहीं। सूचनाओं पर प्रमुख दलों के प्रत्याशी दिनभर इधर से उधर भागते रहे। कुछ जगहों पर प्रत्याशियों ने बैठकर मतदान की स्थिति का जायजा लिया। शाम को मतदान समाप्ति के बाद उन्हें राहत मिल सकी। लोकसभा के चुनाव मैदान में भाजपा, सपा व बसपा समेत नौ प्रत्याशी डटे हैं। शनिवार सुबह छह बजे मॉकपोल शुरू होने के पहले ही तीनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी क्षेत्र में निकल गए। सात बजे मतदान शुरू हुआ। इसके बाद कहीं ईवीएम न चलने तो कहीं वोटरों के धमकाने व गड़बड़ी करने की अफवाहें उड़ने लगीं। इस पर सुबह से ही तीनों प्रमुख दलों के उम्मीदवार इधर से उधर दौड़ते रहे।
शहर में कुछ बूथों का जायजा लेने के बाद मत प्रभावित होने की सूचना पर भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी धनपतगंज के केवटली, सरैयामाफी व देहली बाजार समेत कई बूथों पर पहुंचीं। कटका खानपुर बूथ पर भाजपा प्रत्याशी ने गड़बड़ी करने के आरोपियों पर कार्रवाई का निर्देश पुलिस को दिया। इसके बाद वह विभिन्न सूचनाओं पर सदर, कादीपुर व लंभुआ विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर पहुंचीं और स्थिति की जानकारी ली।
मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रत्याशी के पहुंचने पर कुछ जगहों पर अफवाह सुनने को मिली और अन्य जगह स्थितियां ठीक हो गईं। सपा प्रत्याशी राम भुआल निषाद भी दिनभर इस बूथ से उस बूथ पर दौड़ते रहे। सुबह शहर से निकलने के बाद धनपतगंज के महमूदपुर, उतुरी, अमउजासरपुर, गरथौली और सदर के गोपालपुर में वोटरों को धमकाने समेत अन्य सूचनाएं मिलीं।महमूदपुर बूथ पर सपा प्रत्याशी आधे घंटे तक रहे। पूर्व विधायक अनूप संडा ने बताया कि इसके बाद सपा प्रत्याशी कादीपुर, लंभुआ की सूचनाओं पर मौके पर पहुंचे। महमूदपुर, गोपालपुर समेत कई जगहों पर मतदान को लेकर पीठासीन अधिकारियों व सेक्टर मजिस्ट्रेटों से शिकायत की।
इसी तरह बसपा उम्मीदवार उदराज वर्मा सुबह से ही बूथों का भ्रमण करते रहे। कादीपुर व लंभुआ में मतदान प्रभावित करने की शिकायत उन्होंने एआरओ से दर्ज कराई। शाम को मतदान समाप्त होने पर प्रत्याशियों को दौड़-भाग से कुछ राहत मिली।