पुलिस ने दो पैकेट गांजा बरामद किया।
- फोटो : amar ujala
शिवगढ़-श्रीरामपुर मार्ग पर खड़ुआन गांव के पास रविवार रात लंभुआ पुलिस ने दो कारें पकड़ी। कारों में से करीब 33 किग्रा से अधिक गांजा मिला है। पुलिस ने दंपती व एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 3.25 लाख रुपये भी मिले हैं। पकड़े गए आरोपी प्रतापगढ़ से लंभुआ के रास्ते कार लेकर जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक तस्करों के पास से मिले मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 33 लाख रुपये है। एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे लंभुआ पुलिस ने खड़ुआन गांव के पास दो कारों को रोका। एक कार में चंडीगढ़ व दूसरी कार में लखनऊ का नंबर अंकित था। कारों की तलाशी में 33 पैकेट गांजा मिला। उसका वजन 33 किग्रा से अधिक है।
एक कार पर सवार लंभुआ के सराय मकरकोला निवासी अमरदेव चौहान को पुलिस ने पकड़ा। वहीं, दूसरी कार पर सवार अर्जुनपुर निवासी धर्मेंद्र सरोज व उसकी पत्नी अनीता को पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों ने पुलिस को बताया कि वे पड़ोस के प्रतापगढ़ जिले से गांजा लेकर पश्चिम के जिलों में सप्लाई करते थे।