यूपी में फैजाबाद जिले में महराजगंज थानाक्षेत्र के रसूलाबाद डडवा गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता की हत्या कर उसका शव घर के पास ही अमरूद के पेड़ पर लटका दिया। इस घटना की पुलिस जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने महिला की हत्या में उसके पति समेत परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है।
सोमवार को सुबह रसूलाबाद डडवा में अमरूद के पेड़ पर लटकी 24 वर्षीय महिला की लाश को देखते ही सनसनी मच गई। महिला की पहचान पेड़ से सटे छप्पर मे रहने वाले राजाराम निषाद की पत्नी इंद्रावती के रूप में हुई।
इंद्रावती के पति का कहना है कि इंद्रावती ने रात में किसी वक्त फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि सूचना पर पहुंची पु्लिस मामले को संदिग्ध करार दे रही है।
मायके पक्ष ने पति राजाराम समेत परिजनों पर इंद्रावती की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। महिला के परिजनों का कहना है कि शादी को एक ही साल बीता था मगर घरेलू विवाद को लेकर पति-पत्नी में रोज झगड़े होते थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को उसके पति ने पेड़ से उतार लिया था। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।