लखनऊ। केजीएमयू के पीडियाट्रिक आर्थोपैडिक्स विभाग के डॉक्टरों ने 12 वर्षीय बच्चे के पैर की हड्डी में हुए कैंसर का सफल ऑपरेशन किया है। बच्चे की हालत में सुधार है। एड़ी से ऊपर की हड्डी में ट्यूमर पनपने से बच्चे को चलने में परेशानी होती थी। डॉ. सैय्यद फैसल अफाक ने जांच करवाने के बाद कैंसर (ईविंग्स सारकोमा) की आशंका जताई। बायोप्सी में इसकी पुष्टि के बाद बच्चे को मेडिकल आंकोलॉजी विभाग भेजा गया। यहां कीमोथेरेपी से ट्यूमर सिकुड़ने के बाद ऑपरेशन का फैसला लिया गया।
डॉक्टरों ने एड़ी से ऊपर की हड्डी को काटकर ट्यूमर हटाया। दोनों पैर बराबर रहे, इसके लिए ऑपरेशन वाले पैर की हड्डी को बढ़ा करने के लिए डिस्ट्रेक्शन ओस्टियोजेनेसिस विधि अपनाई। विभागाध्यक्ष डॉ. विकास वर्मा ने बताया कि विभाग में गंभीर ट्यूमर के ऑपरेशन शुरू किए जा रहे हैं। डॉ. सुरेश चंद्र
ने बताया कि इलाज में देरी से पैर काटने की नौबत आ सकती थी।