लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में इनफॉर्मेशन व गाइडेंस ब्यूरो की कोऑर्डिनेटर प्रो. संगीता सक्सेना ने कहा कि मजबूत इच्छा शक्ति से ही सिविल सेवा परीक्षा में सफलता मिल सकती है। विद्यार्थियों को अपने कॅरिअर के लिए गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।
प्रो. संगीता बीबीएयू में आयोजित सिविल सेवा कॅरिअर काउंसिलिंग में सोमवार को विद्यार्थियों को जरूरी सुझाव दे रही थीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा को महत्व देने के साथ-साथ अनुशासन, संयम व धैर्य बनाए रखना आवश्यक है, क्योंकि इसी से भविष्य और व्यक्तित्व की आधारशिला को मजबूती मिलती है।
कॅरिअर काउंसिलिंग विशेषज्ञ वर्षा सिंह ने कहा कि सिविल सेवा के इच्छुक विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित करें और विभिन्न स्ट्रेटजी का प्रयोग कर पाठ्यक्रम पढ़ें। यूपीएससी मेंटर विजय सिंह ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों व उनसे निपटने के तरीकों की जानकारी दी। साक ही पाठ्यक्रम, प्रीलिम्स, मेंस व साक्षात्कार के दौरान ध्यान देने योग्य सावधानियों के बारे में बताया।