तेलीबाग। सेना में सूबेदार सुल्तानपुर के जयसिंहपुर निवासी अनिल कुमार मिश्रा ने पीजीआई के ओमेक्स मेट्रो सिटी निवासी अजय सिंह पर प्लॉट के नाम पर 17 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीजीआई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अनिल के मुताबिक, 2021 में परिवार के साथ पीजीआई क्षेत्र में रहने के लिए वह प्लॉट तलाश रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात अजय सिंह से हुई। अजय ने एक प्लॉट दिखाया। पसंद आने पर 17 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। 12 अक्तूबर 2021 को उन्होंने आरोपी के खाते में पूरी रकम ट्रांसफर कर दी।
आरोप है कि रकम लेने के बाद अजय ने न तो प्लॉट की रजिस्ट्री की और न कब्जा दिया। रकम वापस मांगने पर वह टालमटोल करता रहा। इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।