लखनऊ। राजकीय इंटर कॉलेजों में विज्ञान व गणित की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए नई शिक्षा पॉलिसी के तहत लखनऊ सहित मंडल के जिलों में मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। ये विषयवार शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
कक्षा नौ से 12 तक के विज्ञान वर्ग के मुख्य विषय भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान व गणित के राजकीय शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस संबंध में जेडी माध्यमिक डॉ. प्रदीप कुमार ने लखनऊ सहित सीतापुर, लखीमपुर, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई के जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजकर जानकारी दे दी है।
25 से होगी शुरुआत
प्रशिक्षण की शुरुआत 25 दिसंबर से होगी। इसमें गणित, भौतिक, जीव और रसायन विज्ञान के हर जनपद से चार शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। इसके बाद ये हर कॉलेज के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण 13 जनवरी तक चलेगा। इस बीच प्रशिक्षण के तीन चरण पूरे करने होंगे। एक प्रशिक्षण तीन दिन में पूरा होगा।