प्लेसमेंट ड्राइव में मौजूद विद्यार्थी। स्रोत ः संस्थान
लखनऊ। रोबोटिक्स और मैकेनिक्स की पढ़ाई के लिए मंगलवार को आईटीआई पास विद्यार्थियों ने मौखिक परीक्षा दी। सेवायोजन विभाग की ओर से देवा रोड स्थित टाटा मोटर्स कंपनी के परिसर में डिप्लोमा इन मेक्ट्रोनिक्स कोर्स में प्रवेश के लिए हुए साक्षात्कार में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
छात्रों ने बताया कि मौखिक परीक्षा व साक्षात्कार में सिविल, मैकेनिक्स, ऑटो मोबाइल, डीजल इंजन व नए व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से सवाल पूछे गए। साथ ही टाटा कंपनी की ओर से बनाई जाने वाली मशीनों व संस्थान के बारे में जानकारी ली। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि कंपनी ने परीक्षा व साक्षात्कार लेकर सभी युवाओं को वापस भेज दिया है। बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में 90 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जो अभ्यर्थी किसी कारणवश साक्षात्कार में शामिल नहीं हो सके। उन्हें बुधवार को सुबह आठ बजे से परिसर में शामिल होने का मौका दिया गया है। साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों को एक सप्ताह बाद फोन व ईमेल के जरिये जानकारी देने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि टाटा कंपनी की ओर से अप्रेंटिस एंड फ्री कोर्स ऑफ डिप्लोमा इन मेक्ट्रोनिक्स के दो वर्षीय पढ़ाई के दौरान चयनित विद्यार्थियों को 13,480 रुपये महीने का मानदेय भी दिया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी की ओर से दोपहर का खाना व बस सेवा निशुल्क होगी।