ललित कला अकादमी में छात्रों की मांगों पर लगी मुहर
लखनऊ। कैसरबाग स्थित राजकीय ललित कला अकादमी में छात्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में बृहस्पतिवार को कई अहम फैसले लिए गए। निदेशक डॉ. श्रद्धा शुक्ला ने ''चाय, बात और बदलाव विद द डायरेक्टर'' कार्यक्रम में विजुअल आर्ट के छात्रों से सीधा संवाद किया और उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अकादमी के स्थायी संग्रह में मौजूद प्रसिद्ध कलाकारों की पेंटिंग और मूर्तियां अब नियमित रूप से प्रदर्शित की जाएंगी। गैलरी खाली रहने पर 15 दिन के लिए किसी एक कलाकार या कला शैली पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें अन्य संस्थानों के छात्र और कला प्रेमी भी शामिल हो सकेंगे।
रोशनी और वेंटिलेशन की समस्या के चलते निचली मंजिल की कक्षाओं को ऊपरी मंजिल पर स्थानांतरित किया जाएगा। छात्रों के स्वास्थ्य एवं परामर्श के लिए विशेष स्टाफ की तैनाती, पुस्तकालय के लिए अलग बजट, पुस्तक दान अभियान, शैक्षिक भ्रमण और ड्राफ्टिंग टेबल उपलब्ध कराने का भी फैसला लिया गया। डॉ. श्रद्धा ने कहा कि ''चाय, बात और बदलाव'' कार्यक्रम अब हर महीने होगा।