लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने बीटेक और एमसीए में सीधे दाखिले के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। बीटेक में दाखिले के लिए आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के इंटरमीडिएट में न्यूनतम 60 फीसदी अंक होने चाहिए। वहीं एमसीए पाठ्यक्रम की 30 सीटों पर दाखिले के लिए अभ्यर्र्थी के बीसीए या फिर बीएससी कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम में न्यूनतम 55 फीसदी अंक होने चाहिए। लविवि में बीटेक पाठ्यक्रम में दाखिले राज्य प्रवेश परीक्षा की काउंसलिंग के माध्यम से होते हैं। सीटें खाली रहने का अनुमान होने की वजह से लविवि ने पहले ही आवेदन मांग लिए हैं।
लविवि में बीटेक सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के साथ ही मास्टर ऑफ कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम संचालित हैं। एमसीए में दाखिले के लिए विवि ने पहली बार सीधे आवेदन मांगे हैं। जबकि बीटेक में सीटें खाली रहने की आशंका को देखते हुए आवेदन मांगे गए हैं। इसी तरह लेट्रल इंट्री के लिए सीधे सेकंड ईयर में दाखिले के लिए भी आवेदन फॉर्म मांगे गए हैं। अभ्यर्थी को वित्त नियंत्रक के पक्ष में पांच सौ रुपये के ड्राफ्ट के साथ आवेदन फॉर्म भरकर न्यू कैंपस स्थित इंजीनियरिंग संकाय में भेजना होगा। अभ्यर्थियों की रैंक विवि अपनी वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर 15 जुलाई तक जारी करेगा। इसके बाद एक अगस्त को अभ्यर्थियों को स्पॉट काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा।