गोसाईगंज। अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार रात रेलवे लाइन पर युवक का शव मिला। शव की पहचान शिवलर निवासी अभय राज अवस्थी (18) के रूप में हुई। अभय 12वीं का छात्र था। छात्र के पिता ने बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज दिलेश कुमार सिंह के मुताबिक अभय राज अवस्थी ने फरवरी में ही 12वीं की परीक्षा दी थी। वह पिता रामगोपाल के साथ खुर्दही बाजार स्थित रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर भी बैठता था। रामगोपाल के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे अभय पड़ोस में रहने वाले दोस्त हर्ष के साथ उसकी बाइक से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने सोचा कि वह किसी मित्र के यहां रुक गया होगा। बुधवार दोपहर में मां शिल्पी ने बेटे को फोन किया तो मोबाइल बंद मिला।
इकलौते बेटे का पता लगाने के लिए वह हर्ष के घर पहुंचे तो उसने बताया कि मंगलवार रात वह अभय के साथ अर्जुनगंज गया था। वहां उन्हें अभय के दूर के रिश्तेदार मानकनगर निवासी अभिषेक मिश्रा और खुर्दही बाजार निवासी अन्नू शुक्ला मिले थे। चारों ने साथ में शराब पी थी।
हर्ष के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे अभय कहीं जाने की बात कहकर रास्ते में उतर गया था। काफी खोजबीन के बाद भी अभय का पता नहीं चला तो बुधवार शाम रामगोपाल बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें बताया कि मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला था। परिजन शव की पहचान के लिए पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इसके बाद उन्हें अभय की मौत की जानकारी हुई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शाम को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हंगामे के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
बृहस्पतिवार दोपहर परिजन थाने पहुंचे और बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक से उनकी पुरानी रंजिश है, जिसको लेकर उसने फोन पर धमकी भी दी थी। आरोप है कि रंजिश के कारण ही अभिषेक मिश्रा, अन्नू शुक्ला और हर्ष द्विवेदी ने अभय को जबरन शराब पिलाकर ट्रेन के आगे फेंक दिया। घटना में आरोपियों के दो अन्य साथी भी शामिल हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इंस्पेक्टर का कहना है कि प्रारंभिक छानबीन में छात्र की आत्महत्या की बात सामने आई है। साक्ष्य संकलन किए जा रहे हैं।
अभय राज अवस्थी की फाइल फोटो।