कार्यशाला में हिस्सा लेती छात्रा।
लखनऊ। वेदम वर्ल्ड स्कूल के छात्रों ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यक्रम वैश्विक तकनीक संवाद में भाग लिया। टेक्नोलॉजी ने मेरी जिंदगी को कैसे बदला विषय पर आयोजित ऑनलाइन संवाद में छात्रों ने वैश्विक तकनीक से परिचित हुए। यह आयोजन पॉकेट मीट कनेक्टिंग विथ द वर्ल्ड (जापानी सहयोग) में हुआ।
वर्चुअल मंच पर भारत, जापान और अन्य देशों के छात्रों ने मिलकर यह साझा किया कि तकनीक ने किस प्रकार उनके जीवन और शिक्षा को प्रभावित किया है। छात्रों ने बताया कि डिजिटल टूल्स और ऑनलाइन माध्यमों ने न केवल सीखने के तरीके को बदला है, बल्कि सोचने और दुनिया को समझने का नजरिया भी विकसित किया है।
संस्थान के प्रधानाचार्य साफिया उस्मानी ने कहा, वेदम वर्ल्ड स्कूल का सदैव प्रयास रहा है कि उसके छात्र शिक्षा के साथ-साथ वैश्विक मंचों पर भी आत्मविश्वास के साथ संवाद कर सकें। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को एक सशक्त और जागरूक वैश्विक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। छात्रों ने जिस आत्मविश्वास और समझदारी से विचार साझा किए, वह न केवल तकनीक साक्षरता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि वे वैश्विक मंचों पर संवाद के लिए तैयार हैं। इस तरह के आयोजन छात्रों को विश्व नागरिक बनने के लिए तैयार करते हैं।