ला-मार्टिनियर कॉलेज में हर महीने के आखिरी रविवार को आयोजित होने वाले ‘संडे-बनडे’ इवेंट में तीन पूर्व छात्रों को एयर पिस्टल से खुलेआम हवाई फायरिंग करना महंगा पड़ा।
घटना से दहशत में आए स्टूडेंट्स व अन्य पूर्व छात्रों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तीनों को शांति भंग करने के आरोप में हवालात की हवा खानी पड़ी।
तीनों पूर्व छात्र बिजनेसमैन हैं। इनकी पहचान वजीरगंज के वजीउल्लाह रोड निवासी फरहान (35), महानगर के वर्षीय फैजान (44) और लाटूश रोड के मुजम्मिल (45) के तौर पर हुई है। दोपहर के समय संडे बनडे कार्यक्रम में फरहान, फैजान और मुजम्मिल शामिल हुए।
फरहान के पास एक एयर पिस्टल थी जो असली जैसी नजर आ रही थी। इवेंट शुरू होने के बाद तीनों ने मिलकर हवा में फायरिंग शुरू कर दी। वे तीनों पक्षियों को निशाना बनाने लगे। लगातार फायरिंग से सभी पूर्व छात्रों और इवेंट में शामिल हुए छात्रों में अफरातफरी मच गई। इन तीनों को फायरिंग करते देख उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सीएम आवास के पास स्थित ला-मार्टिनियर में फायरिंग की खबर से हड़कंप मच गया।