लविवि के योग पाठ्यक्रम रुचि ले रहे छात्र
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में संचालित योग पाठ्यक्रम में छात्रों की रुचि लगातार बढ़ रही है। वर्ष दर वर्ष नामांकन संख्या में इजाफा हुआ है, जो इस कोर्स की लोकप्रियता को दर्शाता है। शैक्षिक सत्र 2024-25 में पहली बार एक रूसी छात्र ने स्नातक योग पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया है, जिससे यह साफ है कि यह कोर्स अब वैश्विक स्तर पर भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है।
योग संकाय के समन्वयक डॉ. अमरजीत यादव के अनुसार, विश्वविद्यालय में वर्तमान में बीए/बीएससी योग, एमए/एमएससी योग और पीजी डिप्लोमा इन योग पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में कुल 150 सीटें हैं। सत्र 2022-23 में जहां 123 छात्रों ने प्रवेश लिया था, वहीं 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 131 हो गई और 2024-25 में 174 छात्रों ने दाखिला लिया।
डॉ. यादव ने बताया कि लविवि उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा राज्य विश्वविद्यालय है, जहां पर योग संकाय की स्थापना की गई है। यह रोजगारपरक पाठ्यक्रम छात्रों को न केवल योग विज्ञान का व्यावहारिक और सैद्धांतिक ज्ञान देता है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और हेल्थ इंडस्ट्री में कॅरिअर बनाने का भी अवसर प्रदान करता है।