लखनऊ। हजरतगंज स्थित भैसाकुंड के पास तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में इंटर के छात्र यश सोनकर (19) की मौत हो गई, जबकि साथी शुभम भी घायल हो गया।
मेदयगंज के दीनदयालनगर निवासी यश के पिता नीरज ने बताया कि बेटा पढ़ाई के साथ कैसरबाग की एक कैंटीन में नौकरी करता था। बुधवार सुबह पांच बजे वह दोस्त शुभम के साथ उसकी स्कूटी से चाय पीने 1090 चौराहा गए थे। स्कूटी शुभम चला रहा था। भैसाकुंड के पास तेज रफ्तार स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई और घिसटती हुई चली गई। पीछे बैठा यश उछलकर सिर के बल दूर जा गिरा वहीं स्कूटी चला रहे शुभम को भी चोट लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बुधवार रात इलाज के दौरान यश की मौत हो गई। वहीं, शुभम को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। यश के पिता नीरज सोनकर सब्जी की आढ़त काम करते हैं। परिवार में मां अनुराधा, एक बहन और छोटा भाई है।