लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्रा उमा सिंह ने सोमवार को पंजाब के जालंधर विवि में हुई वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर विवि का प्रतिनिधित्व किया। ऐसे में छात्रा का लविवि के लिए खेलने का सपना पूरा हो गया।
दरअसल, छात्रा की अंतिम परीक्षा और प्रतियोगिता की तिथि एक ही पड़ने के कारण वह प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं कर पा रही थी। अमर उजाला ने छात्रा की इस समस्या को उठाते हुए नौ जनवरी के अंक में टूट रहा अपने ही विश्वविद्यालय के लिए न खेल पाने का सपना शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। लविवि प्रशासन ने इसका संज्ञान लेते हुए छात्रा को नॉर्थ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए भेजा। विवि छात्रा की छूटी हुई परीक्षा का अलग से आयोजन करेगा, इससे उसका साल करीब नहीं होगा।
महासचिव ने डॉ. अजय आर्या ने बताया कि छात्रा अपनी समस्या लेकर एथलेटिक एसोसिएशन तक पहुंची थी, जो उचित थी। हमने सक्षम स्तर पर उसकी समस्या रखी, जिसके बाद उसे खेलने की अनुमति दी गई।