महानगर के माउंट कार्मल स्कूल की एक क्लास टीचर ने मंगलवार को एक मासूम के गाल पर इतने थप्पड़ बरसाए कि उसका चेहरा सूज गया।
टीचर का क्रोध देख सारे बच्चे सहम गए और बुरी तरह पिटी मासूम सुबकती रही। छुट्टी में घर लौटी बच्ची की दशा देख पिता ने महानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, मानस विहार सर्वोदयनगर निवासी व्यवसायी राजेश कुमार उपाध्याय की बेटी ऋषिता (8) माउंट कार्मल स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है।
राजेश का कहना है कि बेटी की कापी कई दिन से जंची न होने पर उन्होंने आज सुबह स्कूल जाकर क्लास टीचर अनुभूति से बात की। उन्हें बताया कि बच्ची डर के कारण कापी नहीं दिखा रही थी।
बच्ची के बारे में क्लास टीचर से बातचीत करके राजेश लौट गए। इसके बाद क्लास में लौटते ही टीचर अनुभूति ने ऋषिता को अपने पास बुलाया और उसके चेहरे पर थप्पड़ों की बौछार कर दी।
टीचर के क्रोध से क्लास के सारे बच्चे सहम गए। बुरी तरह पिटी ऋषिता का चेहरा सुर्ख होने के साथ सूज गया। पूरा गुस्सा उतारने के बाद क्लास टीचर ने उसे सीट पर वापस भेजा। छुट्टी की घंटी बजने तक ऋषिता अपनी सीट पर बैठी सुबकती रही।
राजेश बताते हैं कि रोजाना की तरह आज दोपहर तीन बजे ऋषिता स्कूल वैन से घर लौटी। कंधे पर बस्ता टांगे ऋषिता की आंखों में आंसू थे। सिसक रही थी और गाल सुर्ख व सूजा हुआ था।
बच्ची की दशा देखकर मां ने पूछा तो वह फफक पड़ी। क्लास टीचर की करतूत बताई। इस पर राजेश अपनी बेटी को साथ लेकर स्कूल पहुंचे।
वहां सभी टीचर व प्रिंसिपल जा चुके थे। राजेश ने महानगर कोतवाली में शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके बच्ची का डॉक्टरी मुआयना कराया।