गुडंबा। जानकीपुरम निवासी ट्रैवल एजेंसी संचालक के बेटे ने मंगलवार को परिचित व उसके साथियों पर उसे व दोस्त को पीटने का आरोप लगाया। गुडंबा पुलिस पर भी सुलह करने का दबाव बनाने का आरोप है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पीड़ित के पिता ने बताया कि उनका बेटा कक्षा नौ का छात्र है। बेटे ने अपने परिचित को अपनी स्कूटी रैपिडो में चलाने के लिए दी थी। परिचित ने बेटे से पैसे भी ले रखे थे। परिचित पर जब उधार अधिक हो गया तो बेटे ने उससे अपनी रकम वापस मांगी थी। आरोप है कि परिचित ने मंगलवार शाम बेटे को कॉल कर गुडंबा स्थित चार नंबर चौराहे पर आने को कहा था। बेटा जब दोस्त के साथ पहुंचा तो वहां आरोपी व उसके 15 अज्ञात साथियों ने दोनों को पीट दिया। पिता ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत गुडंबा थाने में की। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।