क्रूड आयल पर लिए जा रहे प्रवेश कर की वापसी और फिक्स वैट व्यवस्था खत्म किए जाने सहित चार सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को हुई पेट्रोल पंपों की छह घंटे की प्रदेश व्यापी बंदी को डीलर एसोसिएशन ने शत प्रतिशत सफल बताया है।
डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीएन शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के जिला इकाईयों से मिली रिपोर्ट में सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक पंपों पर पेट्रोल डीजल का वितरण बंद रखा गया।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने सरकार को चेताया है कि यदि दो अगस्त तक शासन द्वारा डीलरों की लंबितों मांगों को पूरा कराने के लिए सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 4 अगस्त को राजधानी में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन के अगले चरण की रणनीति व तिथि की घोषणा की जाएगी।
इसके तहत पेट्रोल पंप डीलर प्रदेश भर में तेल कंपनियों के डिपो से पेट्रोल डीजल उठान बंद कर वितरण व्यवस्था को ठप करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे आम जनता को होने वाली परेशानी के लिए सरकार खुद सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवाद की बात करने वाली अखिलेश सरकार अब उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डाल सरकारी खजाना भरने की जोड़तोड़ कर रही है।
इसके चलते ही सर्वाधिक स्टेट टैक्स लागू होने के बाद भी क्रूड आयल पर जबरन पांच फीसदी प्रवेश कर और न्यून्तम फिक्स वैट व्यवस्था लागू कर पेट्रोल डीजल को प्रदेश में और महंगा किया जा रहा है। आम उपभोक्ताओं के इस दोहरे उत्पीड़न को रोकने के लिए ही डीलर एसोसिएशन ने अब आर-पार की लड़ाई का फैसला किया है।