फैजाबाद में मरीज के साथ आए तीमारदारों ने डॉक्टर की जमकर धुनाई कर दी। इस घटना से नाराज डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हो गई है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक फैजाबाद मंडल चिकित्सालय दर्शननगर में सुबह 10.30 बजे अस्पताल आए मरीज और उसके साथ आए कुछ लोगों ने रेडियोलॉजिस्ट अजय चौधरी के साथ मारपीट की।
बताया जा रहा है कि डॉक्टर के साथ पहले भी कई मरीजों का विवाद हो चुका है। आज भी अल्ट्रासाउंड कराने आए एक मरीज के साथ उनकी कहासुनी हुई थी जिसके बाद मारपीट की नौबत आ गई।
इस घटना से गुस्साए डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया है। वहीं दूर-दराज के इलाकों से आए मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गुस्साए मरीजों ने ओपीडी में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अयोध्या क्षेत्र के थे और वो जिस गाड़ी से आए थे उस पर भाजपा का झंडा लगा था।