प्रदेश में बृहस्पतिवार को मौसम ने करवट लिया और कई जिलों में तेज रफ्तार हवाओं के साथ अच्छी बारिश देखने को मिली। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली गोरखपुर में सर्वाधिक 75 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं बलिया में 64 मिमी, बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48 मिमी बारिश हुई। पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 70 से 90 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चलीं। शुक्रवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में गरज चमक व आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं 12 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 12 जून को भी विक्षोभ के असर से यूपी के विभिन्न जिलों में आंधी बारिश देखने को मिलेगी। 13 जून से विक्षोभ कमजोर पड़ेगा और गर्मी दोबारा सिर उठाएगी।