लखनऊ। मड़ियांव स्थित प्रियदर्शनी कॉलोनी में जियो स्टोर के मैनेजर पवन कुमार शुक्ला (30) का शव उनके किराये के कमरे में मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट में पवन ने खुद को मौत का जिम्मेदार बताया है। उनके भाई अतुल ने हत्या का आरोप लगाया है।
पवन मूल रूप से सीतापुर के रहेटा गांव के निवासी थे। शुक्रवार रात 9:00 बजे पड़ोसी ने पवन के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर वह दरवाजे को धक्का देकर अंदर पहुंचे तो पवन का शव पंखे से फंदे के सहारे लटक मिला। भाई अतुल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को पवन की पत्नी सोनी से सामान्य बातचीत हुई थी। उन्होंने पवन के मोबाइल फोन की डिटेल और सुसाइड नोट की राइटिंग की जांच करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने एक युवती के कमरे पर आने-जाने का जिक्र करते हुए उससे भी पूछताछ की मांग की है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।