आलमबाग। आशियाना में बुधवार दोपहर ऑटो चालक समेत चार लोगों ने टप्पेबाजी कर सुनीता की सोने की चेन पार कर दी। पीड़िता की तहरीर पर आशियाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
शारदा नगर के रुचिखंड निवासी सुनीता के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह लोकबंधु अस्पताल से दवा लेकर निकली थीं। घर जाने के लिए पावर हाउस चौराहे के पास ऑटो में बैठीं। उसमें पहले से तीन महिलाएं और एक बच्ची सवार थीं। आरोप है कि ऑटो कुछ दूर आगे बढ़ा तो बच्ची ने उल्टी करने का नाटक किया और उनके ऊपर गिरने लगी। इससे उनका ध्यान भटक गया और इसी दौरान महिलाओं ने उनकी सोने की चेन पार कर दी।
सुनीता के अनुसार, वह किला चौराहे के पास उतरकर चालक को किराया देने लगीं तभी वह ऑटो लेकर भाग निकला। शक होने पर उन्होंने गले की ओर देखा तो चेन गायब थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से ऑटो की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।