गोसाईंगंज। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप पुलिस मुख्यालय के स्टेनो पर लगा है। युवती ने इस मामले की शिकायत संयुक्त पुलिस आयुक्त से की थी। जेसीपी के आदेश पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने आरोपी स्टेनो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के अनुसार, मुरादाबाद निवासी युवती की पहचान वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम पर आकाश वर्मा से हुई थी। आकाश भी मुरादाबाद का रहने वाला है और वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में स्टेनो है। वह सुशांत गोल्फ सिटी के अर्जुनगंज में किराये के मकान में रहता है। आरोपी ने पहले युवती से दोस्ती की। फिर उसे 13 मार्च को कुल्ली खेड़ा स्थित अपने कमरे पर मिलने बुलाया। दोपहर करीब दो बजे पुलिस मुख्यालय के बाहर आरोपी ने उसे अपने मंगेतर के रूप में दोस्त शेखर और अंकित से मिलवाया। इसके बाद वह युवती को कमरे पर ले गया।
युवती का आरोप है कि आकाश ने कमरे पर जबरन दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए कहा तो उसने साफ इन्कार कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के चेहरे पर कई वार किए। इससे उसकी आंख के पास गंभीर चोट आई है। एसीपी ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।