फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: दो दिन से जागते रहे, सोए मौत की नींद

Thu, 13 Feb 2025 12:41 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
खीरों थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर घर में घुसी कार को देखते ग्रामीण। - फोटो : संवाद
विज्ञापन
रायबरेली। सेमरी चौकी प्रभारी चमन सिंह भदौरिया की हादसे में मौत ने सभी को रुला दिया। पुलिसकर्मी से लेकर स्थानीय लोग भी चमन सिंह की हादसे में मौत से स्तब्ध हैं। मवेशी चोरी की बढ़ती घटनाओं से उनपर लगातार दबाव बढ़ रहा था। सहकर्मियों के अनुसार चोरों की धरपकड़ के कारण ही दो दिन से वह सो नहीं पाए थे।
विज्ञापन


यही वजह रही कि मंगलवार देर रात कार चलाते समय उन्हें नींद आ गई और पलक झपकते ही कार मकान में जा घुसी। चमन सिंह 2019 में दरोगा के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी पहली पोस्टिंग रायबरेली जिले में ही हुई थी। सेमरी चौकी क्षेत्र फतेहपुर-उन्नाव बॉर्डर से जुड़ा है। इस कारण उसे संवेदनशील माना जाता है और रात्रिगश्त को लेकर चौकन्ना रहना पड़ता है।

इधर एक माह से क्षेत्र में बकरी व भैंस चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत और अफसरों की सख्ती से चौकी प्रभारी और मातहतों पर मवेशी चोरों को पकड़ने का दबाव बढ़ रहा था। जांच में क्षेत्र में एक मवेशी चोर गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। इसमें शामिल संदिग्धों के नाम भी सामने आए थे।
विज्ञापन


नींद नहीं पूरी होने से उन्हें दिक्कत हो रही थी, लेकिन वे अपने कार्य में डटे रहे। सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए चमन निजी कार से रायबरेली जिला मुख्यालय पहुंचे थे। रायबरेली से लालगंज के बीच निहस्था के पास से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा था। उन्हें हिरासत में लेकर चौकी जा रहे थे। अचानक झपकी आई तो कार की रफ्तार 100 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से ज्यादा हो गई। बगल वाली सीट पर बैठा सिपाही जब तक चमन को कार संभालने की बात कहता, तब तक कार दीवार को तोड़ते हुए मकान में जा घुसी।

एएसपी संजीव कुमार सिन्हा के मुताबिक जिस तरह हादसा हुआ है, उससे आशंका यही है कि चमन को झपकी आने के चलते घटना हुई है। सेमरी चौकी से पहले चमन रायबरेली शहर की राजघाट, गुरुबख्शगंज थाने की अटौरा, बछरावां कोतवाली की थुलेंडी चौकी के भी प्रभारी थे। डॉक्टरों के अनुसार दरोगा चमन के सिर, चेहरे, सीने समेत शरीर के अन्य हिस्से में भी गंभीर चोट के निशान थे।

अन्य घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर सिपाही जितेंद्र कुमार को चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिपाही को होश नहीं था। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि दो संदिग्धों को पकड़कर चौकी ले जाते समय घटना हुई। हादसे की जांच कराई जा रही है।

चंद कदम दूर निकल जाती कार तो बच जाती जान
जिस जगत ढाबा के पास हादसा हुआ, उस स्थान पर सिर्फ एक ही मकान बना था। मकान के आसपास जगह खाली है। यदि कार मकान से आगे जाकर अनियंत्रित होती तो शायद चमन की जान बच जाती। स्थानीय लोगों के अनुसार जमीन से हाईवे की ऊंचाई अधिक है। ऐसे में कार अनियंत्रित होने के बाद हाईवे से नीचे उतरते हुए मकान में जा घुसी।

अचानक धमाका हुआ, बाहर आया तो हादसा देख दंग रह गया
खीरों क्षेत्र के गौतमनखेड़ा मजरे लच्छीपुर गांव निवासी महेश कुमार लोधी ने जगत ढाबा के पास मकान बनाया है। आगे का हिस्सा जर्जर है। मंगलवार रात वह दूसरे कमरे में परिवार समेत सो रहे थे। महेश के मुताबिक रात करीब 2:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। पहले लगा कि कहीं कोई चोर तो नहीं आ गया। हिम्मत करके बाहर निकला तो देखा कि कार मकान के अंदर घुसी है। दीवार व टिनशेड टूटकर जमीन पर गिरा पड़ा है। कार से बचाव-बचाव की आवाज आ रही थी। गेट खोला और सभी को बाहर निकालकर थाना प्रभारी को सूचना दी। पुलिस आई। सभी को अस्पताल लेकर गई।

गुमसुम रहे पिता, आंखों में दिखा बेटे को खोने का गम
बेटे की मौत की खबर पर बुधवार सुबह आठ बजे पिता अनिल सिंह पुलिस लाइंस पहुंचे। चमन की मौत से पिता गुमशुम दिखे। बेटे के खोने का गम उनके चेहरे और आंखों में नजर आ रहा था। पुलिस अफसर उन्हें ढाढ़स बंधा रहे थे। करीब एक सप्ताह पहले ही चमन अपने गृह जनपद चचेरी बहन के तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

पार्थिव शरीर को दिया कंधा, भर आईं आंखें
पोस्टमार्टम के बाद दरोगा चमन सिंह का पार्थिव शरीर पुलिस लाइंस लाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, प्रतिसार निरीक्षक मैनेजर दुबे, कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह, खीरों थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। गार्ड आफ आनर दिया गया। इस दौरान सभी की आंखें भर आईं। पुलिस लाइंस से चमन का पार्थिव शरीर बहराइच रवाना किया गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें