विभिन्न धार्मिक स्थलों, मेट्रो स्टेशन और एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार अपनी फोर्स बनाने जा रही है। मंगलवार को डीजीपी सुलखान सिंह ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेट सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) के गठन पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि इस फोर्स के गठन का पूरा मसौदा तैयार हो चुका है। जल्द ही शासन के पास इसे भेजकर अनुमोदन लिया जाएगा। फिर आगे की कार्रवाई होगी।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने बताया कि स्टेट सिक्योरिटी फोर्स का गठन सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) की तर्ज पर होगा। शुरुआत में इसमें पीएसी और सिविल पुलिस के कर्मियों को शामिल किया जाएगा। बाद में अलग से भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इस फोर्स के गठन के बाद ऐसे धार्मिक व विशेष स्थल जहां पहले से सीआईएसएफ या केंद्रीय बल तैनात है, वहां राज्य सरकार अपना बल तैनात करेगी। आनंद कुमार ने बताया कि काशी, मथुरा, अयोध्या और आगरा समेत कई जगहों पर मौजूदा समय सीआईएसएफ तैनात है। इन सभी स्थलों पर एसएसएफ की तैनाती का प्रस्ताव है।
इसके अतिरिक्त लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा में मेट्रो स्टेशनों के साथ-साथ प्रदेश में कई जिलों में बनने जा रहे हवाई अड्डों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी एसएसएफ के जिम्मे होगी। इस फोर्स के गठन के लिए एडीजी सुरक्षा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।