भूमि पूजन करतीं कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद।
लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में एआई से लैस अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन लगेगी। मशीन स्थापना के लिए शुक्रवार को कुलपति डॉ. प्रो. सोनिया नित्यानंद ने भूमि पूजन किया। कुलपति ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मरीजों के उपचार में गोल्डन ऑवर महत्वपूर्ण होता है। एआई आधारित यह नई मशीन जांच प्रक्रिया को कई गुना तेज कर देगी, जिससे इलाज बिना विलंब शुरू हो सकेगा।
रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अनित परिहार ने बताया कि मशीन के ईडी ट्रॉमा मोड में मरीज को स्ट्रेचर समेत सीधे स्कैन करने की सुविधा मिलेगी। ट्रॉमा सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेमराज ने कहा कि नई सुविधा से आपातकालीन सेवाएं और अधिक तेज, सुरक्षित और सटीक होंगी।
न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रो. डॉ. सोमिल जैसवाल ने बताया कि एआई आधारित मशीन सिर और रीढ़ की चोटों में सर्जिकल निर्णय को बेहद तेजी से लेने में मदद करेगा। प्रवक्ता प्रो. डॉ. केके सिंह ने कहा कि यह तकनीक केजीएमयू को देश के शीर्ष ट्रॉमा केंद्रों की श्रेणी में और मजबूत बनाएगी। क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश अग्रवाल ने बताया कि गंभीर मरीजों में हर सेकंड महत्वपूर्ण होता है। यह मशीन निर्णय प्रक्रिया तुरंत आगे बढ़ाने में सहायक होगी।