लखनऊ में रविवार को संपन्न हुए चुनाव में मतदाता सूची में गड़बड़ी की खबरों को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग ने मंडलायुक्त अनिल गर्ग को जांच कर 15 दिसंबर तक रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
गौरतलब है कि रविवार उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान सम्पन्न हुआ था। इसी चरण में जनपद लखनऊ में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के चुनावों में बड़ी संख्या में लोगों ने मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायत की थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएसएमई मंत्री कलराज मिश्र और लखनऊ के पूर्व मेयर दाऊ जी गुप्त जैसी बड़ी हस्तियों के नाम भी मतदाता सूची से गायब मिले थे।
सूत्रों के मुताबिक करीब सवा लाख लोग मतदाता सूची में नाम होने के चलते वोट डालने से वंचित हो गए। मीडिया ने भी इन खबरों को सोमवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। आयोग ने इन्हीं खबरों का सज्ञान लेते हुए जांच का आदेश दिया है।