कोटे की दुकान पर राशन की बोरी में निकले नमक के वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट। संवाद
अमेठी सिटी। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत कोटे की दुकानों पर पहुंच रहे राशन में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। दरपीपुर गांव में राशन वितरण के दौरान गेहूं की बोरियों से खड़ा नमक निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अब तक जिले की करीब 20 दुकानों पर इसी तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिससे कोटेदार और उपभोक्ता परेशान हैं।
जिले में 765 कोटे की दुकानों से 2,72,667 पात्र गृहस्थी कार्डधारकों और 69,786 अंत्योदय कार्डधारकों को राशन वितरित होता है। यह आपूर्ति डोर स्टेप डिलीवरी के जरिये की जाती है। मगर इन दिनों गेहूं की बोरियों में आठ से 10 किलो तक खड़ा नमक निकल रहा है। कोटेदारों ने इसे खाद्य एवं रसद विभाग की बड़ी लापरवाही बताया है।
दरपीपुर के कोटेदार लक्ष्मी नारायण शुक्ल ने बताया कि राशन लेने आए ग्रामीणों ने जब बोरी खोली तो नमक देख भड़क उठे। अब हर बोरी की जांच करनी पड़ रही है। प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी सीमा पांडेय ने बताया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। डिप्टी आरएमओ को पत्र भेजा गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। डिप्टी आरएमओ राजेश्वर सिंह ने कहा कि एफसीआई और मार्केटिंग इंस्पेक्टर की संयुक्त जांच चल रही है। जहां भी नमक मिला है, वहां राशन बदला जा रहा है। दोषियों पर कार्रवाई होगी।