Lucknow University Registrar: लखनऊ विवि के सौ वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी महिला कुलसचिव ने कार्यभार संभाला है। शनिवार को डॉ. भावना मिश्रा ने इस पदभार को ग्रहण किया।
सौ साल से ज्यादा पुराने लखनऊ विश्वविद्यालय में शनिवार को पहली बार किसी महिला ने कुलसचिव पद का कार्यभार संभाला। कुलसचिव के रूप में तैनाती पाने वाली डॉ. भावना मिश्रा ने शनिवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रभारी कुलसचिव विद्यानंद त्रिपाठी ने कुलपति प्रो. आलोक राय की मौजूदगी में उन्हें पदभार ग्रहण कराया।
विज्ञापन
वर्ष 1920 में स्थापित और 1921 में पढ़ाई शुरू करने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय में अब तक 53 कुलसचिव तैनात हो चुके हैं। डॉ. भावना मिश्रा कुलसचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण करने वाली 54वीं कुलसचिव हैं। लविवि में कुलसचिव का पद करीब एक वर्ष से रिक्त था। परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी प्रभारी कुलसचिव के रूप में कार्यभार देख रहे थे।
बीते रविवार को शासन ने ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात डॉ. भावना मिश्रा की लविवि कुलसचिव के रूप में तैनाती का आदेश जारी किया। शनिवार को उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
विज्ञापन
राज्य सरकार के सभी निर्देशों को समय पूरा किया जाएगा। डॉ.भावना मिश्रा इससे पहले लविवि में सहायक कुलसचिव और उपकुलसचिव के रूप में काम कर चुकी हैं। शनिवार को कुलसचिव पद का कार्यभार संभालने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।