लखनऊ। जसबीर सिंह मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट लीग मुकाबलों में सोमवार को स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट क्लब, स्टैंडर्ड क्रिकेट क्लब और एसएमआर क्रिकेट क्लब ने अपने लीग मुकाबले जीत कर पूरे अंक प्राप्त किए। सूर्या ग्राउंड पर स्पोर्ट्स गैलेक्सी क्रिकेट क्लब ने सीएएल रेड को सात विकेट से हराया। सीएएल रेड ने पहले बल्लेबाजी की और 12.3 ओवर में टीम 76 रन बनाए। भावेश प्रताप सिंह ने तीन और पार्थ सिंह ने दो विकेट चटकाए। जवाब में स्पोर्ट्स गैलेक्सी ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंश राजीव ने सबसे अधिक 46 रन बनाए।
लॉर्ड्स बालाजी स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए कल्याणपुर स्ट्राइकर्स ने 25 ओवर में सभी विकेट खोकर 76 रन बनाए। मो. अजहरुद्दीन ने चार और शिवम यादव ने तीन विकेट लिए। जवाब में स्टैंडर्ड ने एक विकेट खोकर जीत दर्ज की।
ब्लेज विलो मैदान पर सीएएल ऑरेंज ने एसएमआर क्रिकेट क्लब को चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमएमआर क्रिकेट क्लब ने 184 रन बनाए। आदर्श वर्मा ने 60 गेंदों में 104 रन बनाए। जवाब में ऑरेंज की टीम ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और जीत दर्ज की। अर्पित गोस्वामी ने 73 रनों की आतिशी पारी खेली।