मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टांप एवं पंजीयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ के विभाग में बीते तबादला सीजन में किए गए सभी तबादले रद्द कर दिए हैं। इनमें समूह ख, ग व घ से जुड़े 300 से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले शामिल हैं।
शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री से विभाग में नियम-कायदे को ताक पर रखकर मनमाने ढंग थोक के भाव तबादले किए जाने की शिकायत की गई थी। ये शिकायतें कर्मियों के ने मुख्यमंत्री से मिलकर की थीं। मुख्यमंत्री ने शिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया और अपने स्तर पर पड़ताल कराने के बाद सभी तबादले रद्द करने के निर्देश दे दिए।
बृहस्पतिवार को विभाग की नई प्रमुख सचिव वीना कुमारी मीना ने मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही सभी तबादले रद्द कराने के आदेश जारी करा दिए। स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के संयुक्त सचिव लालू ने महानिरीक्षक निबंधन मिनिस्ती एस. को सभी तबादले रद्द करने की सूचना देते हुए इसका तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कर शासन को सूचित करने का निर्देश दिया है। संयुक्त सचिव लालू ने बताया कि तबादले मुख्यमंत्री के निर्देश पर रद्द किए गए हैं।