खेल राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी
- फोटो : amar ujala
पीएम मोदी के जन्मदिवस को भाजपा सेवा सप्ताह के तहत मना रही है। इसके तहत प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं खेल राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने शनिवार सुबह केडी सिंह बाबू स्टेडियम में पहुंच कर वहां साफ-सफाई कर स्वाच्छता अभियान की शुरूआत की। वहीं जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए।
प्रदेश सरकार के खेल राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी ने शनिवार की सुबह शहर के केडी सिंह बाबू स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचकर ‘स्वच्छता अभियान कार्यक्रम’’ का शुभारम्भ झाडू लगाकर किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके दैनिक कार्यों में से कुछ घंटे निकालकर भारत में स्वच्छता संबंधी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि केवल आस-पास की सफाई करना ही नहीं है, अपितु नागरिकों की सहभागिता से अधिक से अधिक पेड़ लगाना, कचरा मुक्त वातावरण बनाना, शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराकर एक स्वच्छ भारत का निर्माण करना है। स्वच्छ भारत के निर्माण एवं देश की छवि सुधारने का यह सही समय एवं अवसर है।
उन्होंने स्वच्छता अभियान कार्यक्रम के तहत कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में नहीं बल्कि पूरे देश में 14 सितम्बर से 20 सितम्बर तक सेवा सप्ताह के रूप में पूरे देश में चलाई जा रही है।
विधायक, मंत्री व सांसद पूरे मण्डल स्तर से लेकर गांव गरीब तक जाना है। स्वच्छता अभियान के तहत सभी केन्द्रों पर जाकर नेत्र चिकित्सा का शिविर लगाकर गरीब बीमार सेवा सम्बन्धी कार्य एक सप्ताह अनवरत चलाया जाएगा।
मंत्री ने स्टेडियम के मैदान का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई कराने का भी निर्देश दिया। खिलाड़ियों से भी परिचय प्राप्त किया। इस दौरान राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतिभा खत्री को शॉल देकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जीआरपी सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर मौजूद रहे।
वहीं जिले के प्रभारी व प्रदेश के वन एवं पर्यावरण तथा जन्तु उद्यान मंत्री दारा सिंह चैहान ने जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर में पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए। मंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन पर पूरे देश में सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। फल वितरण के दौरान मंत्री सिंह ने सभी से अपील की, कि प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
इस दौरान सांसद उपेन्द्र रावत, विधायक शरद अवस्थी, सतीश शर्मा, बैजनाथ रावत,अवधेश श्रीवास्तव, सुधीर कुमार सिंह सिद्वू, एडीएम संदीप कुमार गुप्ता, एएसपी आरएस गौतम, सीएमओ डॉ रमेश चन्द्र, उप निदेशक सूचना कुमकुम शर्मा,सीएमएस डॉ एसके सिंह, डॉ सुनील शुक्ला आदि मौजूद रहे।