डीजीपी सुलखान सिंह का कार्यकाल सिर्फ चार दिन बचा है। उन्हें तीन माह का और सेवा विस्तार मिलेगा या नहीं, नया डीजीपी कौन होगा? यूपी में उपलब्ध अधिकारियों में से किसी को यह कुर्सी मिलेगी या प्रतिनियुक्ति से आकर कोई यह जिम्मेदारी संभालेगा? इन बातों को लेकर आजकल अटकलों का दौर जारी है।
सूत्रों का कहना है कि सरकार किसी ऐसे डीजी की तलाश में है जो 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव तक यह जिम्मेदारी संभाले। यानी ऐसे डीजी को यूपी पुलिस मुखिया बनाया जाए जिसका कम से कम डेढ़ वर्ष का कार्यकाल बचा हो।
ऐसे में मौजूदा समय में विजलेंस में डीजी हितेश चंद्र अवस्थी, इंटेलीजेंस में डीजी भवेश कुमार और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर डीजी एसएसबी रजनीकांत मिश्रा का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। वहीं अगर वरिष्ठता क्रम में देखा जाए तो नंबर प्रवीण सिंह का है। लेकिन प्रवीण सिंह का कार्यकाल जून 2018 तक ही है।
हालांकि इस विकल्प की भी चर्चा है कि प्रवीण सिंह को डीजी बना दिया जाए और उनके रिटायर होने के बाद हितेश अवस्थी को डीजी बनाया जाए। हितेश का कार्यकाल जून 2021 तक है। जबकि भवेश सिंह का कार्यकाल जनवरी 2020 तक है। वहीं केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए रजनीकांत मिश्रा का कार्यकाल अगस्त 2019 तक है।