रेलवे ने दिवाली एवं छठ पूजा के त्योहार पर यात्रियों का सफर आसान बनाने के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों का संचालन अक्तूबर से नवंबर तक होगा। रेल अफसरों के मुताबिक मुंबई-लखनऊ-मुंबई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन एक अक्तूबर से छह नवंबर के बीच चलेगी।
इस ट्रेन का स्टापेज दादर, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई और कानपुर में होगा। यात्रियों की सहूलियत के लिए ट्रेन में एक सेकंड एसी, आठ थर्ड एसी, चार स्लीपर, तीन जनरल कोच लगेंगे। इसके अतिरिक्त पुणे-गोरखपुर-पुणे विशेष साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 21 अक्तूबर से छह नवंबर के बीच होगा।
मुंबई-लखनऊ स्पेशल मंगलवार को दोपहर 2.10 बजे मुंबई से छूटेगी
प्रतीकात्मक तस्वीर
यह ट्रेन अहमदनगर, बेलापुर, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी। 02107 मुंबई-लखनऊ स्पेशल एक अक्तूबर से प्रत्येक मंगलवार दोपहर 2.10 बजे मुंबई से छूटेगी और दूसरे दिन दोपहर 1.15 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
वापसी में 01020 लखनऊ-मुम्बई स्पेशल दो अक्तूबर से प्रत्येक बुधवार दोपहर तीन बजे लखनऊ से चलकर अगले दिन बृहस्पतिवार शाम 5.35 बजे मुंबई पहुंचेगी। इसी प्रकार 01453 पुणे-गोरखपुर स्पेशल 21 अक्तूबर से प्रत्येक सोमवार पुणे से रात 9.30 बजे चलेगी और अगले दिन देर रात लखनऊ (उत्तर रेलवे) 2.50 बजे पहुंचेगी।
यहां से चलकर यह ट्रेन सुबह 8.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से वापसी में 01454 गोरखपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन 23 अक्तूबर से प्रत्येक बुधवार सुबह 10.45 बजे चलेगी, जो लखनऊ में अपराह्न 3.50 बजे पहुंच कर पुणे के लिए रवाना होगी।