अंबेडकर पार्क के मरीन ड्राइव पर बनी ओपन शॉप को अब महिला के लिए खास बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। समतामूलक चौराहा से गौतम बुद्ध की प्रतिमा तक यह बाजार रहेगा। 15 अगस्त से इसकी शुरुआत हो सकती है।
एलडीए इसके लिए जरूरी सुविधाएं विकसित कराएगा। वहीं मत्स्य विकास निगम को अपना फिश पार्लर हटाने के भी आदेश दे दिए गए हैं।
महानिदेशक पर्यटन नवनीत सहगल के साथ सोमवार को हुई बैठक के बाद एलडीए ने महिला बाजार के लिए सुविधाएं विकसित कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार को एलडीए सचिव अरुण कुमार ने पूर्व में चिह्नित 15 कामों को पूरा कराने के लिए आदेश दिए। एक सप्ताह में इन कामों को पूरा कराया जाएगा। एलडीए को मिले कामों में ओपन शॉप को खाली कराने के अलावा नए बाजार क्षेत्र की सफाई और टॉयलेट की मरम्मत कराना है।
सचिव ने अपने आदेश में स्मारक समिति के अधिकारियों को कहा है कि मुख्यमंत्री के आदेश पर महिलाओं के लिए यह खास बाजार समता मूलक चौराहा से गौतम बुद्ध प्रतिमा (चटोरी गली) तक होना है। लिहाजा अव्यवस्थाओं को दूर करा लिया जाए।