आतंकी घटनाओें या किसी गंभीर अपराध पर फौरन कार्रवाई के लिए एटीएस के तहत एक स्पेशल पुलिस ऑपरेशन टीम (स्पॉट) गठित करने की तैयारी है। इसका गठन एनएसजी की तर्ज पर किया जाएगा। इसके लिए एटीएस ने शासन को प्रस्ताव भेजा है।
सूत्रों का कहना है कि एटीएस ने मुख्यमंत्री से विमर्श के बाद इस परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया है।आईजी एटीएस असीम अरुण ने बताया कि किसी आतंकी हमले से निपटने या गंभीर आपराधिक घटना के समय फौरन रेस्क्यू के लिए ‘स्पॉट’ बनाने की योजना है।
यह टीम कोई भी कठिन ऑपरेशन करके आतंकी को पकड़ने, अपहृत को बचाने समेत बड़ी घटनाएं रोकने में काम आएगी। इसमें विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कमांडो को लगाया जाएगा। किसी भी घटना के समय यह टीम बिना समय गंवाए अपना ऑपरेशन शुरू कर देगी।
इस तरह की नौ टीमें बनाने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है। प्रस्ताव में इस टीम के लिए एक 55 सीटर बस, चौदह 32 सीटर बसें, दो 24 सीटर बसें, 13 एसयूवी और 14 ट्रकों की मांग की गई है।
ट्रकों को इस तरह बनाया जाएगा कि ऑपरेशन से संबंधित उपकरण और हथियार ले जाने में इनका इस्तेमाल किया जा सके। इसमें बम निरोधक दस्ता और श्वान दल की छह टीमें भी मांगी गई हैं। इन सबके अलावा छह बख्तर बंद गाड़ियों की मांग की गई है।