लखनऊ की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नए साल पर स्पेशल-26 टीम गठित की जाएगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने निलंबित 26 पुलिसकर्मियों को नववर्ष पर बहाली के तोहफे के साथ उनका अलग दस्ता बनाने की तैयारी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी नेे बताया कि विभिन्न कारणों से निलंबित पुलिसकर्मियों के सेवाकाल के कार्यों की गहन समीक्षा करके 26 पुलिसकर्मियों को चिह्नित किया गया है। नववर्ष पर उन्हें बहाल करने के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अलग दस्ता गठित किया जाएगा।
‘स्पेशल-26’ के नाम से गठित दस्ते को विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने, नो-ठेला, नो-रेड़ा व्यवस्था लागू कराए रखने और प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन रोकने, चौराहे व तिराहे पर झुंड में टेम्पो-ऑटो खड़े करके सवारियां बैठाने-उतारने वाले चालकों पर कार्रवाई का जिम्मा सौंपा जाएगा।
इलाके की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने की कसौटी पर खरे उतरे पुलिसकर्मियों को अच्छी तैनाती मिलेगी। कलानिधि नैथानी ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए भी स्पेशल-26 को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। डकैती की वारदातों को ध्यान में रखकर नाकाबंदी, पुराने अपराधियों की धरपकड़, डकैती के आरोप में जेल में बंद बदमाशों को सजा दिलाने के लिए ठोस पैरवी में भी दस्ते का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि दबी जुबान इसकी भी चर्चा है कि चोर दरवाजे से कहीं निलंबित लोगों पर मेहरबानी तो नहीं।