प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने कहा है कि सपा सरकार यूपी को सांप्रदायिकता की आग में झोंकना चाहती है। गौतमबुद्धनगर के दादरी के बिसाहड़ा में मोहम्मद अखलाक की पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या व उनके बेटे को गंभीर रूप से घायल करने की घटना में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही इसी ओर इशारा कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दादरी घटना की निंदा करते हुए कहा कि जहां केंद्र सरकार धर्म की आड़ में आम जनता को आपस में लड़ाकर वोटों का ध्रुवीकरण कराना चाहती है, वहीं यूपी में समाजवादी पार्टी इन सांप्रदायिक ताकतों के साथ मिलकर चुनावी लाभ लेने की जुगत में लगी हुई है।
भाजपा व सपा नेता इस घटना को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर आग में घी डालकर प्रदेश में सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने में लगे हैं।