शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रमुख मार्गों पर बिना पार्किंग के चल रहे कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और बहुमंजिला आवासीय भवनों को चिह्नित कर वहां पार्किंग सुविधा सुनिश्चित कराई जाएगी।
इसके लिए एसपी ट्रैफिक को प्रमुख इलाकों के एक मार्ग को चिह्नित कर वहां की ऐसी इमारतों की सूची तैयार कर देने को कहा गया है। इसकी शुरुआत मंगलवार से हजरतगंज इलाके में जाम की समस्या से सबसे ज्यादा जूझने वाले अशोक मार्ग रूट से होगी।
जिलाधिकारी राजशेखर ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एसपी ट्रैफिक की ओर से सड़कों पर वाहन पार्किंग बंद कराया जाएगा। इस काम में एलडीए की मदद ली जाएगी।
जिलाधिकारी सोमवार को शहर में सुचारु ट्र्रैफिक व्यवस्था के लिए गठित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समन्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। देर रात तक चली बैठक में प्रमुख मार्गों को जाम से राहत दिलाने के लिए वहां पार्किंग बनवाने की कार्रवाई एलडीए के माध्यम से कराए जाने का निर्णय लिया गया।
एसपी ट्रैफिक ऐसे एक एक प्रमुख मार्ग का निरीक्षण कर सर्वे रिपोर्ट में उन भवनों को चिह्नित करेंगे जिनके वाहनों के सड़को पर खड़ा होने के कारण जाम की स्थिति बनती है।