फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुलायम बोले, पुलिस में होंगी और डेढ़ लाख भर्तियां

Sun, 20 Sep 2015 08:54 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ललितपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि थानों में पुलिस की कमी है। इसे पूरा करने के लिए पुलिस में करीब डेढ़ लाख भर्तियां और की जाएंगी। पहले चौराहों पर सिविल ड्रेस में पुलिस कर्मी तैनात रहते थे। इससे गुंडागर्दी नहीं होती थी, लेकिन आज यह बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अब तक सरकार दो लाख लोगों को रोजगार दे चुकी है। इनमें ड्राइवर, चपरासी, पुलिस सभी शामिल हैं।
विज्ञापन


वहीं उन्होंने बसपा-कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि  कांग्रेस व बसपा ने ही उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक नाश किया है। जब-जब यूपी में सपा की सरकार आई है, तभी विकास के काम हुए हैं। मौजूदा सरकार ने विकास के इतने काम किए हैं कि अभी हाल ही हुई प्रदेशों की रैंकिंग में यूपी तीसरे नंबर पर है। तमिलनाडु पहले और केरल दूसरे नंबर पर है।

मुलायम रविवार को ललितपुर में बजाज ग्रुप के पावर प्लांट के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में उनकी तारीफ करते हुए कहा कि अखिलेश ने काफी काम किया है। पूरा घोषणा पत्र लागू कर दिया है।
विज्ञापन


पांच साल के वादे तीन साल में ही पूरे कर दिए हैं। उन्होंने बसपा का नाम लिए बगैर कटाक्ष करते हुए कहा कि बहुत सी पार्टी तो अपना चुनाव घोषणा पत्र ही नहीं बनाती है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने काम तो बहुत किए हैं। दवा व इलाज मुफ्त मिल रहा है। किसानों को सिंचाई मुफ्त है। विकास के काम हो रहे हैं, लेकिन जनता के बीच कोई नेता इन्हें नहीं बताता है। मुलायम ने कहा कि बिजली के बिना विकास नहीं हो सकता है। यूपी के बगैर देश का भी विकास नहीं हो सकता है।
Trending Videos

बुंदेलखंड में पानी की कमी नहीं, मैनेजमेंट की जरूरत

इससे पहले सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इस प्लांट को पानी की जरूरत थी, हमने किसानों का पानी काटे बगैर उपलब्ध करा दिया। बुंदेलखंड में पानी की कोई कमी नहीं है। यहां चार गुना पानी है। बस मैनेजमेंट की जरूरत है। बुंदेलखंड की उपजाऊ धरती पूरे देश को फल व सब्जियां खिला सकती है। इससे बुंदेलखंड की धरती पर खुशहाली आएगी।

कार्यक्रम में ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह, अरविंद सिंह गोप, प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय अग्रवाल भी उपस्थित थे। ललितपुर के डीएम जुहेर बिन सगीर ने अतिथियों का आभार जताया।

मुलायम ने कहा कि बिजली के क्षेत्र में सपा सरकार ने बहुत काम किया है। बोले, ‘...काफी काम हमने किया है...रहा-सहा काम मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया है। उन्हें इस कार्यक्रम में आना चाहिए था। वे बोले आप जाएंगे, हम नहीं जाएंगे...।’
दरअसल, मुख्यमंत्री को सुबह आगरा से हेलीकॉप्टर से ललितपुर आना था, लेकिन ऐन मौके पर उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया। वे आगरा से सीधे लखनऊ पहुंच गए।

बुरा मत मानिए बजाज साहब, हमने आपको डांटा भी है...
सपा सुप्रीमो ने बजाज ग्रुप के वाइस चेयरमैन कुशाग्र बजाज से कहा ...बुरा मत मानिए बजाज साहब, लेकिन आज हम आपको दिल से बधाई देते हैं। हमने आपको डांटा भी है। आप यहां पावर प्लांट नहीं लगाना चाहते थे। आना-कानी कर रहे थे, लेकिन जब हमने कहा तब आप तैयार हुए। हमें पता है कि चीनी मिल में भी आपको घाटा हो रहा है। सरकार से जो मदद हो सकती है, हम जरूर करेंगे।

तीन फीसदी जमीन हर साल हो रही कम

मुलायम ने कहा कि तीन फीसदी जमीन हर साल खत्म हो रही है। अमेरिका व ऑस्ट्रेलिया में अनाज का संकट पैदा हो गया है। यदि हम अभी से सचेत न हुए तो आगे चलकर यहां भी अनाज का संकट हो सकता है। हमें पैदावार बढ़ाना होगा। उपजाऊ जमीन भी बढ़ाई जा सकती है।

इसके लिए पहले भूमि सेना बनाई गई थी। इसने ही 65 हजार एकड़ ऊसर जमीन को खेती लायक बना दिया था। आगरा से बांदा तक बीहड़ की लाखों एकड़ जमीन उपजाऊ बनाई जा सकती है। औरैया से कानपुर के बीच भी काफी जमीन उपजाऊ बनाई जा सकती है।

अवैध खनन हुआ तो डीएम होंगे जिम्मेदार
मुलायम ने कहा कि अवैध खनन हुआ तो डीएम जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि जो भी इसमें जिम्मेदार हैं उन्हें जेल भेजिए। इसमें लापरवाही करने वाले डीएम नपेंगे। बोले, सपा हमेशा से भ्रष्टाचार से लड़ने वाली पार्टी रही है। राजनीति करने वाले लोग आज ठेकेदारी करते देखे जा रहे हैं, पर हमारे परिवार में कोई भी खनन व ठेकेदारी का काम नहीं करता है।
विज्ञापन

चुनाव पैसे से नहीं, मेहनत से जीता जाता है

सपा सुप्रीमो ने कहा, कुछ लोग पैसे के इंतजाम में जुटे हैं। उन्हें लगता है चुनाव पैसों से जीता जा सकता है, जबकि चुनाव मेहनत से जीता जाता है। अखिलेश यादव ने साइकिल चलाकर मेहनत की।

पहली बार सपा के 237 विधायक जीते। बहुमत की सरकार बनी। नौजवानों ने मेहनत की तो हमने भी नौजवान अखिलेश को मुख्यमंत्री बना दिया।

काम न हो तो मंत्रियों के घर घेरिए
मुलायम ने युवा कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि आपके काम न हों तो मंत्रियों के घर घेरिए। नारे लगाइए। युवाओं को सीख देते हुए बोले, पैसों के लालच में कभी मत पड़ना। यदि कोई जरूरत है तो पार्टी की तरफ से मदद कर देंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें