सपा राज था व्यापारियों का आपातकाल, अब यूपी है विकास का इंजन : विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से व्यापारियों और वर्तमान सरकार पर दिए गए बयान के जवाब में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को कहा कि अखिलेश यादव की सपा सरकार में व्यापारियों की हत्या, रंगदारी, फिरौती, अपहरण और डकैती आम बात बन चुकी थी। सपा के पांच वर्षों में पचीस हजार से अधिक हत्याएं हुईं और रोजाना साढ़े सात हजार से ज्यादा गंभीर अपराध होते थे। इसका सीधा असर प्रदेश के उद्योग और व्यापारियों पर पड़ा। व्यापारी वर्ग पलायन को मजबूर हुए। सपा चिंतन करे कि क्यों पार्टी 50 सीटों से नीचे आ गई। उन्होंने सपा के शासन काल को व्यापारियों का आपातकाल कहा।
योगी सरकार की ''''जीरो टॉलरेंस नीति'''' के बारे में कहा कि यूपी अब देश का सबसे सुरक्षित राज्य है और यह देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अब यूपी में रंगदारी और भय का माहौल खत्म होने से व्यापारी विकास के भागीदार बन रहे हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा - जिस सपा को ‘एक जिला एक माफिया’ की नीति प्रिय थी, उसे ''''एक जिला एक उत्पाद'''' की नीति समझ नहीं आती। व्यापारी वर्ग का मान और सम्मान अब योगी सरकार में सुरक्षित है। व्यापारी कल्याण बोर्ड, भामाशाह सम्मान और व्यापारी सुरक्षा फोरम जैसी योजनाएं इसका प्रमाण हैं। बीते शनिवार को ही लोक भवन में आयोजित ‘भामाशाह सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रेष्ठ जीएसटी योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया।