पूर्वांचल में होने वाले छठे और सातवें चरण के चुनाव के लिए सपा ने खास रणनीति तैयार की है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जहां एक-दो विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर जनसभाएं कराई जाएंगी, वहीं सांसद डिंपल यादव, कैबिनेट मंत्री आजम खां और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एक ही विधानसभा क्षेत्र में दो या उससे अधिक जनसभाएं करेंगे। इसके लिए सपा मुख्यालय पर विस्तृत कार्यक्रम तैयार करवाया जा रहा है।
पूर्वांचल के 14 जिलों की 89 सीटों पर छठे और सातवें चरण में चुनाव है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इन जिलों में सपा का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा था। इस प्रदर्शन को दोहराने की रणनीति के तहत इन अंतिम दो चरणों के चुनाव में पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंकने का फैसला किया है। बिहार से सटे जिलों में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की अधिकाधिक सभाएं लगाई जाएंगी। उन्होंने 22 मार्च से 6 मार्च तक गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। अब यह तय स्थानीय स्तर पर होगा कि इन दिनों में कहां और कैसे लालू प्रसाद की सभाएं कराई जाएं। स्थानीय नेताओं से कहा गया है कि प्रयास यह रहना चाहिए कि मतदाताओं से लालू प्रसाद का सीधा संवाद स्थापित हो।
सांसद डिंपल यादव भी 30-35 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगी। कुछ स्थानों पर उनके साथ अभिनेत्री और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन भी रहेंगी। मुस्लिम बहुल इलाकों में कैबिनेट मंत्री आजम खां और सपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी की सभाएं होंगी। इसके अलावा भोजपुरी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले विजय लाल यादव और दिनेश यादव निरहउआ भी मतदाताओं के बीच जाएंगे। सपा प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य अरविंद सिंह ने बताया कि छठे और सातवें चरण में शामिल जिलों में जनसभाओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।