मतदाताओं के बीच पहुंचकर उन्हें धमकाना स्थानीय सपा विधायक को महंगा पड़ गया। मामले से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए विधायक के खिलाफ मतदाताओं को धमकाने के साथ ही आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
गौरीगंज के सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह का एक वीडियो बृहस्पतिवार देर शाम वायरल हुआ था। वीडियो में सपा विधायक हाथ में माइक लेकर एक प्रत्याशी विशेष के नामांकन में शामिल होने को लेकर मतदाताओं को धमकाते नजर आए।
विधायक की ओर से दी गई धमकी का यह वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार सुबह उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने इसका स्वत: संज्ञान लिया।
वीडियो देखने के बाद प्रभारी निरीक्षक आर.पी. शाही ने दोपहर बाद अपनी तहरीर पर विधायक के खिलाफ मतदाताओं को धमकाने, उन्हें जान से मारने की धमकी देने तथा आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज करवाया। एसएचओ ने बताया कि वीडियो कितना सही है, किस गांव का और कब का है इसकी विवेचना की जा रही है।