फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमीनी विवाद में सपा नेता ने की भाजपाई की हत्या

Fri, 08 May 2015 01:51 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुमारगंज/फैजाबाद।
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के फैजाबाद के कुमारगंज थानाक्षेत्र के गांव जोरियम के मजरे पूरे भंजन में आबादी की जमीन पर स्थित सार्वजनिक गड्ढे पर कब्जे की खातिर गांव के प्रधान व सपा जिला उपाध्यक्ष ने समर्थकों समेत गांव के ही एक भाजपा कार्यकर्ता पर हमला बोल दिया।
विज्ञापन


पीट-पीट कर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बाद दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। मौके पर पहुंची पुलिस के हाथ कोई नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरूकर दी है।

घटना में दूसरे पक्ष से भी एक घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर तनाव के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दी गई।

जोरियम गांव के मजरा पूरे भंजन निवासी भाजपा कार्यकर्ता भगौती प्रसाद पांडेय (52) व गांव के ही सपा से जुड़े रामनवल यादव के बीच आबादी की जमीन पर स्थित गड्ढे को लेकर विवाद चल रहा है।
विज्ञापन

घर में घुसकर की पिटाई, परिजनों को भी नहीं बख्‍शा

बुधवार रात साजिश के तहत गांव के प्रधान व सपा के जिला उपाध्यक्ष बाबूराम यादव ने जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली व दो ट्रक के साथ समर्थकों को एकत्र किया। रात लगभग साढ़े नौ बजे विवादित जमीन पर धावा बोल दिया। जेसीबी से गड्ढे को समतलीकरण किया जाने लगा।

मौके पर पहुंचे भगौती प्रसाद पांडेय ने इसका विरोध किया और मामले की खबर पुलिस को दी। इस बात की जानकारी विपक्षी धड़े को मिली, तो सपा जिला उपाध्यक्ष व ग्राम प्रधान बाबूराम यादव, सपा नेता रामनवल समेत अन्य लाठी-डंडा, रॉड, सरिया व असलहे से लैस होकर मौके पर पहुंच गये और भगौती प्रसाद को दौड़ा लिया।

भगौती ने भागकर घर में घुसकर दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनको घर के बाहर खींच लिया और हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भगौती के परिवारीजनों की भी पिटाई की और भगौती को गंभीर रुप से घायल कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी हुई है।

परिवारीजनों ने घायल भगौती को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उनको लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लखनऊ मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टर ने भगौती प्रसाद पांडेय को मृत घोषित कर दिया। मौके की नजाकत को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

आठ पर हमला व दहशत फैलाने का आरोप

आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों पक्ष से हमले हुए हैं। घटना में सपा नेता पक्ष से भी राजेश यादव को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के पहुंचने की आहट देख हमलावर मौके से भाग निकले।

आरोप है कि तहसील प्रशासन की मिली भगत के चलते कब्जे की साजिश तैयार की गई। इसी के चलते रामनेवल के घर खाने-पीने की व्यवस्था की गई और जेसीबी समेत अन्य वाहन तथा लाठी-डंडा व असलाह एकत्र किया गया। घटना को लेकर पीड़ित परिवार सदमे में है।

पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक भगौती प्रसाद पांडेय के बेटे कपिलदेव पांडेय का आरोप है कि आबादी की जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर सपा जिला उपाध्यक्ष व ग्राम प्रधान बाबूराम यादव, उनके लड़कों यशवंत, राजेश, महेश, दिनेश के साथ राम नेवल, पृथ्वीराज सिंह, राकेश सिंह ने लाठी-डंडा, रॉड-सरिया व असलहे से लैस होकर जानलेवा हमला बोला और उनके पिता भगौती समेत अन्य को घायल कर दिया। बाबूराम ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की। अन्य की ओर से भी फायरिंग की गई।
विज्ञापन

अदालत में चल रहा विवाद

जानलेवा बनी जोरियम गांव के मजरे पूरे भंजन स्थित आबादी की जमीन को लेकर गांव निवासी सुनील कुमार पांडेय व रामनेवल यादव के बीच सिविल जज सदर जूनियर डिवीजन की अदालत में मामला विचाराधीन है। मृतक भगौती पक्ष से शनिवार को समाधान दिवस में आये जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत हुई थी।

मिल्कीपुर के सीओ नवीन नायक का कहना है कि मृतक के बेटे की शिकायत पर आठ के खिलाफ बलवा, मारपीट, दुर्व्यवहार, धमकी, जानलेवा हमला तथा लोक शांति को खतरा पैदा करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मौके से दो ट्रक यूपी 42 टी 9410 व यूपी 42 एटी 6555 बरामद किया है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।

वहीं, मिल्कीपुर के एसडीएम कंचनराम कहते हैं कि दो माह पहले मौके पर जाकर जांच की थी। रामनवल को गड्ढा न पाटने की हिदायत दी गई थी। यह गड्ढा गांव की आबादी में लोगों के कच्चा मकान बनाने के दौरान बना था। जिसने अब पोखरा का रूप ले लिया है। इसे पाटने की कोशिश गलत है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें