फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: पूर्व फौजी की पत्नी को एसपी ने न्याय का दिया भरोसा

Tue, 05 Nov 2024 02:37 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। सेवानिवृत्त फौजी इंदल सिंह की बेरहमी से की गई पिटाई के मामले में घुरवारा चौकी प्रभारी हिमांशू मलिक को हटाकर डीह थाने भेजा गया है। उनके स्थान पर उपनिरीक्षक शशांक पांडेय को घुरवारा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार की देर रात सेवानिवृत्त फौजी की पत्नी आरती सिंह ने जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र प्रताप सिंह के साथ आवास पहुंचकर एसपी डॉ. यशवीर सिंह से मुलाकात की।
विज्ञापन


इस दौरान एसपी ने पत्नी को विश्वास दिलाया कि उनके परिवार के साथ न्याय होगा। प्रकरण में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एसपी से मुलाकात के बाद परिवार के लोगों का सोमवार को धरना प्रदर्शन करने का निर्णय रद्द हो गया।

इंडियन वेटरंस आर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों के यहां पहुंचने पर घुरवारा चौकी के अंदर रिटायर फौजी इंदल सिंह के साथ मारपीट का मामला रविवार को और तूल पकड़ लिया था। पदाधिकारियों ने एसपी से मिलकर घटना पर सख्त नाराजगी जताई थी। इस पर एसपी ने घुरवारा चौकी प्रभारी को हटाने और एफआईआर की विवेचना डलमऊ कोतवाली के बजाय किसी अन्य थाने से कराने की बात कही थी।
विज्ञापन


इस पर पदाधिकारियों का गुस्सा शांत हुआ था। सेवानिवृत्त फौजी की पत्नी ने एसपी से मिलने से इंकार कर दिया था। देर रात करीब 10 बजे जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में रिटायर फौजी की पत्नी आरती सिंह आवास पहुंचकर एसपी से मुलाकात करके उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

पत्नी ने पति के साथ बर्बरतापूर्ण तरीके से की गई पिटाई पर नाराजगी जताई। परिवार और एसपी से बातचीत के दौरान तय हुआ कि पुलिस की तरफ से परिवार के किसी भी सदस्य को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। पुलिस की तरफ से जब्त की गई सामग्री पिस्टल, मोबाइल समेत अन्य सामान वापस किया जाएगा। सेवानिवृत्त फौजी के ऊपर लगी हुई गंभीर धारा को हटा दिया जाएगा।

एसपी के इस आश्वासन पर पत्नी ने सहमति जताई और सोमवार को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के कार्यक्रम को निरस्त कर दिया। एसपी ने बताया कि घुरवारा चौकी इंचार्ज हिमांशू मलिक को डीह थाने में तैनाती दी गई है। पूर्व में ऊंचाहार कोतवाली स्थानांतरित किए गए उपनिरीक्षक शशांक पांडेय का तबादला निरस्त करते हुए उन्हें अब घुरवारा चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है।

पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर अमित सिंह से कराई जा रही है। सीओ की जांच रिपोर्ट में अन्य पुलिस कर्मी दोषी पाए जाएंगे तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इस मौके पर सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, पूर्व फौजी नरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें