सपा ने यह भी ऐलान किया है पार्टी सूबे में मोदी की रैलियों को टक्कर देगी। शायद यही वजह है कि मुलायम ने सूबे में 18 बड़ी रैलियां करने का मन बनाया है।
हालांकि, पार्टी ने रैली कार्यक्रम का ऐलान अभी नहीं किया है। इसके साथ ही, चुनावी तैयारी के लिए पत्ते खोल दिए हैं।
सपा के एक फैसले से सह भी साफ हो गया है कि मुलायम का हाथ अब बसपा से भागे और भाजपा से निकाले गए बाबू सिंह कुशवाहा के साथ है।
खबर है कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रत्याशियों का एलान करना शुरू कर दिया है। इससे यह भी साफ हो गया है कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने बाबू सिंह कुशवाहा को बचाने का पूरा मन बना लिया है।
सबसे बड़ी खबर है गाजीपुर के लिए। यहां से सपा ने टिकट दिया है मायावती के मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा की पत्नी शिवकन्या कुशवाहा को।
इतना ही नहीं, खबर यह भी है कि एनआरएचएम से लेकर लैकफेड घोटाले में गले तक फंसे पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा पर भी सपा सरकार मेहरबान हो गई है।
यह बदले सियासी समीकरणों का नतीजा है कि जिस सरकार ने विजिलेंस को कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करने की इजाजत दी थी, वही उस आदेश को वापस लेने की तैयारी में जुट गई है।
पढ़े: बसपा के सिपाही पर सपा लगाएगी मरहम
इसके साथ ही पार्टी ने अपनी मजबूत सीटों पर भी प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। श्रावस्ती से सपा के मंत्री वकार अहमद के बेटे यासिर शाह को टिकट दिया गया है।
यह भी पढ़ें: 'राहुल को खेत-खलिहान की सिर्फ किताबी समझ'
इसी तरह, देवरिया से बालेश्वर यादव, लालगंज से बेचन सरोज और संत कबीर नगर से भालचंद्र यादव को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी मिल रही है।
ये फैसले मुलायम सिंह यादव की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य सपा की बैठक में लिए गए। यह बैठक लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में हो रही है।
पार्टी ने तय किया है कि हर जिले में पार्टी का एक प्रवक्ता बनाया जाएगा। जिलों में प्रभारी और सह प्रभारियों की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही सीएम अखिलेश की अध्यक्षता में एक निगरानी समिति भी बनेगी, जिसका काम चुनावी रणनीति बनाना होगा।
यूपी और लखनऊ की अन्य बड़ी खबरें मिलेंगी यहां