रालोद नेता जयंत चौधरी ने रविवार को यहां सपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंट की और उन्हें 12 अक्तूबर को मेरठ में होने वाली रैली में आने का न्यौता दिया। जयंत ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को भी रैली में आने का निमंत्रण दिया।
यह रैली दिल्ली स्थित 12 तुगलक रोड स्थित बंगले को चौधरी चरण सिंह स्मारक बनाने की मांग के लिए हो रही है। जयंत के साथ रालोद के प्रदेश अध्यक्ष मुन्ना सिंह चौहान व राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे भी थे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने रालोद नेताओं को आश्वासन दिया है कि सपा रैली में भाग लेगी।
जुट रहे हैं ये नेता: रैली में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जद (यू) अध्यक्ष शरद यादव और तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव और उड़ीसा के मुख्यमंत्री व बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक का आना तय हो चुका है। लालू यादव ने भी स्वास्थ्य ठीक रहने पर रैली में आने का आश्वासन दिया है।
ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि मेरठ रैली निकट भविष्य में देश में नए राजनीतिक गठबंधन की पृष्ठभूमि तैयार कर सकती है क्योंकि एक दौर में चौधरी चरण सिंह के नजदीकी रहे नेता उनका स्मारक बनाने की मांग पर एकजुट दिख रहे हैं। रालोद जहां इसे अपने खोए जनाधार की वापसी के अवसर के रूप में देख रहा है तो सपा को भी लग रहा है कि वह इस रैली में शामिल होकर पश्चिमी यूपी के जाट वोटरों के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर सकेगी।