तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा सीएचसी में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। यहां आने वाले मरीजों को चिकित्सकों का इंतजार करना पड़ता है। इससे मरीजों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सोनवा क्षेत्र के मरीजों को इलाज की बेहतर सुविधा मिल सके। इसके लिए शासन की ओर से सोनवा पीएचसी का उच्चीकरण कर उसे सीएचसी का दर्जा दिया गया है। इसके बाद भी मरीजों को समय से अस्पताल न खुलने के कारण अक्सर भिनगा व बहराइच जाना पड़ता है।
सोमवार को अमर उजाला की टीम ने पड़ताल की तो सीएचसी सुबह 10:03 बजे ताला लटक रहा था। अमर उजाला को देख वहां करीब 15 से 20 मिनट इंतजार करने के बाद चिकित्सक डाॅ. विवेक गुप्ता व डाॅ. उग्रसेन वर्मा पहुंचे। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सुरेंद्र कुमार जौहरी पहुंचे। तब तक मरीजों को परिसर में ही उनका इंतजार करना पड़ा। इस बारे में सीएचसी अधीक्षक का कहना था कि वह रात में भी अस्पताल में ही रुकते हैं। कभी देर रात तक तो कभी भोर में ड्यूटी करने के कारण आज थोड़ी देर हुआ है जबकि अन्य चिकित्सक ने देर से आने का कारण अपने उच्च अधिकारियों को ही बताने की बात कहा।
डीएम अजय कुमार द्वीवेदी ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।